.

जेल से दोनाली बंदूक बेचेंगे सपा सांसद आजम खां, जानिए क्या है मामला | newsforum

नई दिल्ली | सीतापुर जेल में बंद सपा सांसद आजम खां जेल से दोनाली बंदूक बेचने जा रहे हैं। यह खबर सामने आने के बाद से लोगों में चर्चाएं जोरों पर है। जेल अधीक्षक के माध्यम से सपा सांसद आजम खां ने इस संबंध में जिला प्रशासन से अनुरोध किया था, जिस पर प्रशासन ने उन्हें बंदूक बेचने की अनुमति दे दी है।

 

बीते वर्ष केंद्र सरकार ने शस्त्र नियमावली में परिवर्तन करते हुए दो से ज्यादा लाइसेंसी शस्त्र रखने पर पाबंदी लगाई थी लेकिन इस पाबंदी से पूर्व रामपुर जनपद में तमाम नेताओं ने तीन-तीन शस्त्र लाइसेंस बनवा रखे थे। ‌जिन लोगों के पास तीन शस्त्र हैं, उन्हें अपना एक लाइसेंस सरेंडर करना है। जैसे आजम खां के पास रिवाल्वर, रायफल और दोनाली बंदूक है। उनकी पत्नी रामपुर विधायक डॉ. तजीन फात्मा के पास राइफल और बेटे अब्दुल्ला के पास रिवाल्वर का लाइसेंस है।

 

आजम खां के भाई शरीफ खां, पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां के पास भी दो से अधिक शस्त्र हैं। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता यूसुफ अली, पूर्व विधायक बीना भारद्वाज आदि पर दो से अधिक शस्त्र लाइसेंस होने पर जिलाधिकारी की ओर से पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि, पूर्व में यह सीमा जनवरी में समाप्त हो रही थी, लेकिन अब शासन ने इसे जून तक बढ़ा दिया था।

 

कलेक्टर की इस नोटिस के बाद पूर्व मंत्री नवेद मियां ने अपना एक लाइसेंस ट्रांसफर करा लिया। यूसुफ अली और बीना भारद्वाज ने तीसरा लाइसेंस सरेंडर कर दिया। अब आजम खां ने भी शस्त्र लाइसेंस सरेंडर करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए उन्होंने पहले अपनी दो नाली बंदूक बेचने की अनुमति मांगी थी, जो प्रशासन ने दे दी है।


Back to top button