.

दिल्ली में गर्मी का 12 साल का टूटा रिकॉर्ड, 5 राज्यों हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी | ऑनलाइन बुलेटिन

नई दिल्ली | [नेशनल बुलेटिन] | मई महीना शुरू होने से पहले ही गर्मी की मार उत्तर भारतीय राज्यों में दिखने लगी है। दिल्ली से सटे गुड़गांव में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री को पार कर गया, जो अप्रैल में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मौसम केन्द्र के अनुसार अगले चार दिन लू, गर्म हवा, अंधड़ और कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं। इसके अलावा दो डिग्री सेल्सियस तक पारे में उछाल का अनुमान है।

 

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। चिलचिलाती धूप तथा लू के प्रकोप के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो अप्रैल के महीने में बीते 12 वर्षों में सबसे अधिक है। मौसम विभाग ने देश के पांच राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार की सुबह से ही तेज चमकीला सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तीखी और तेज हो गई। 10 बजे के बाद ही लोगों को तेज धूप महसूस होने लगी। जबकि, दोपहर के समय लोगों को झुलसाने वाली लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ा।

 

सफदरजंग में पांच डिग्री ज्यादा तापमान

 

दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। इससे पूर्व वर्ष, 2010 के अप्रैल महीने में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था जो कि 12 सालों में सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों के बीच भीषण गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं है। शुक्रवार के दिन दिल्ली के लोगों को और भी भीषण लू का सामना करना पड़ेगा।

 

दिल्ली के सफदरजंग में भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस जाने की संभावना है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से ओरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। जबकि, शाम या रात के समय 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली धूल भरी आंधी भी आने की संभावना है। शनिवार, रविवार और सोमवार को भी लू या भीषण लू की स्थिति बने रहने के आसार हैं।

 

हरियाणा के 5 शहरों का पारा 44 से अधिक

 

हरियाणा में गुडगांव का पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा, नारनौल, सिरसा, रोहतक और हिसार का पारा 44 डिग्री पार कर गया। राजस्थान से लगते जिलों में भीषण लू के कारण दिन में सड़कें वीरान रहीं तथा लोग लू से बचने के लिए घरों में दुबके रहे। अंबाला का पारा 42 डिग्री, करनाल 42 डिग्री, भिवानी 43 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में बिजली की कमी के कारण लोग परेशान रहे।

 

ताजनगरी में पारा 45 डिग्री के पार

 

ताजनगरी में गुरुवार को पारा कुछ ऐसा चढ़ा कि लोगों की हालात खराब हो गयी। दोपहर में धूप के चलते झुलसाने लगी। दोपहर के समय घर से बाहर निकले लोग गर्मी, लू के चलते बैचेन हो गए। तापामन 45 डिग्री के पार पहुंच गया। इसके साथ ही हीट वेव भी मुसीबत बनी रही। गुरुवार को तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर पहुंच गया। अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह बुधवार की तुलना में लगभग दो डिग्री अधिक था। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक होकर 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया था।

 

अलीगढ़ में आसमान से बरस रही आग

 

गर्मी ने लोगों को हलकान कर दिया है। अप्रैल माह की शुरुआत में ही मई-जून जैसे हालात होने शुरू हो गये थे। सूरज आग उगल रहा है। गुरूवार को अलीगढ़ इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर कम होते नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग पहले ही लू चलने का पूर्वानुमान जाहिर कर चुका है। अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

 

पंजाब में भीषण गर्मी

 

पंजाब में गर्मी का विकराल रूप देखने को मिल रहा है और बिजली की कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया। चंडीगढ़ में सुबह से आसमान से गर्मी बरसती रही तथा पारा 42 डिग्री को पार कर गया। इसके अलावा, अमृतसर का पारा 43 डिग्री,लुधियाना, पटियाला और बठिंडा का पारा क्रमश: 43 डिग्री, पठानकोट 41 डिग्री, गुरदासपुर 40 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में अगले कुछ दिन गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

 

देश के पांच राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

 

मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया और राजस्थान में गर्मी के इस सत्र में तीसरे लू’ का दौर बुधवार से शुरू हो गया है। अगले एक सप्ताह के दौरान लू का प्रकोप जारी रहेगा जबकि राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के कुछ भागों में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।


Back to top button