.

खाद्य मंत्री अमरजीत भगत हुए डीहाइड्रेशन के शिकार, चुनाव प्रचार छोड़ लौटे, डॉक्टर्स घर में कर रहे इलाज | ऑनलाइन बुलेटिन

रायपुर | (छत्तीसगढ़ बुलेटिन) | प्रदेश के राजनांदगांव जिला अंतर्गत खैरागढ़ उप चुनाव में प्रचार के दौरान खाद्य मंत्री अमरजीत भगत की तबीयत बिगड़ गई। 42 डिग्री पारा में जनसंपर्क के दौरान वे डीहाइड्रेशन का शिकार हो गए। प्रचार अभियान रोककर उन्हें रायपुर लाया गया। डॉक्टर उनका घर में उपचार कर रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें कम्प्लीट बेडरेस्ट की सलाह दी है। वहीं मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि वे स्वस्थ होकर जल्द ही चुनाव कार्यक्रमों में शामिल होने वापस खैरागढ़ जाएंगे।

 

बता दें कि खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। लगातार राजनीतिक बैठकों और चुनावी सभाओं का दौर चल रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम सहित प्रदेश के मंत्रियों व कांग्रेस विधायक खैरागढ़ पहुंचकर बूथ स्तर पर कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने मेहनत कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री व राजनांदगांव के प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत भी चुनावी दौरे पर थे। प्रचार के दौरान भगत की सेहत बिगड़ गई। तबीयत अधिक खराब होने की वजह से कार्यक्रम रद्द कर करना पड़ा।

 

42 डिग्री तापमान में प्रचार

 

मंत्री का उपचार कर रहे डॉक्टर्स ने बताया कि उपवास और 42 डिग्री चिलमिलाती धूप में श्री भगत अपने प्रभार क्षेत्र में उपचुनाव में व्यस्त थे। गर्मी और उपवास के कारण मंत्री श्री भगत को डिहाइड्रेशन हो गया। निजी डॉक्टरों की देख-रेख में उनका उपचार निवास में ही किया जा रहा है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें कम्प्लीट बेडरेस्ट की सलाह दी है।

 

मंत्री श्री भगत ने कहा कि वे स्वस्थ होकर जल्द ही चुनाव कार्यक्रमों में मिल होंगे। बता दें कि गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के पास प्रचार अभियान की जिम्मेदारी है। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे और आबकारी मंत्री कवासी लखमा को चुनाव समिति की जिम्मेदारी मिली है। खैरागढ़ में मतदान 12 अप्रैल को है और 16 अप्रैल को मतगणना होगी।

 

 

©नवागढ़ मारो से धर्मेंद्र गायकवाड़ की रपट   


Back to top button