.

भारतीय जनता पार्टी को झेलने होंगे अभी और झटके? स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद ये नेता भी छोड़ सकते हैं पार्टी | ऑनलाइन बुलेटिन

लखनऊ | (नेशनल बुलेटिन) | यूपी चुनाव से ठीक से पहले भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। उधर स्वामी प्रसाद के पार्टी छोड़ने के बाद कानपुर देहात से भारतीय जनता पार्टी विधायक भगवती प्रसाद सागर स्वामी प्रसाद मौर्य के आवास पर पहुंच गए हैं।

 

शाहजहांपुर के विधायक रोशन लाल वर्मा ने भी पार्टी छोड़ने के संकेत दे दिए हैं। पिता स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने के बाद बदायूं से भारतीय जनता पार्टी सांसद संघमित्रा मौर्य के भी पार्टी छोड़ने के कयास लगने शुरू हो गए हैं। हालांकि अभी इस बात की पूरी तरह से पुष्टि नहीं हो पाई हैँ।

 

योगी सरकार में मंत्री पद से स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफा और फिर सपा में शामिल होने की खबर ने पार्टी में हलचल पैदा कर दी है। सूत्रों की माने तो कई और विधायक भारतीय जनता पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं। सभी के सपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

 

 

 

विधायक रोशनलाल वर्मा बोले, स्वामी प्रसाद मौर्य जैसा कहेंगे वैसा करूंगा

 

यूपी सरकार में मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने के बाद विधायक उनके साथ आ गए हैं। इसमें सबसे पहला नाम शाहजहांपुर से तिलहर विधायक रोशनलाल वर्मा का है। उन्होंने कहा, मेरे पास स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे की हार्ड कॉपी है, जिसे वह जमा करेंगे। पार्टी छोड़ने की बात पर उन्होंने कहा, इस पर वह सोचेंगे, 14 जनवरी के बाद कोई फैसला लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा, स्वामी प्रसाद मौर्य मेरे नेता हैं और वह जैसा कहेंगे, वैसा करूंगा। मैं इस बारे में जल्द फैसला लूंगा।

 

बसपा छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में हुए थे शामिल

 

2017 के विधानसभा चुनाव से पहले ही वह सपा छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में आए थे। इससे पहले वह बीएसपी सरकार में मंत्री भी रहे थे और फिर मायावती को छोड़कर सपा में आए थे। पिछड़ी जाति के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की भारतीय जनता पार्टी में एंट्री को सोशल इंजीनियरिंग का नतीजा माना जा रहा था। लेकिन अब पिछड़े समाज के बड़े नेता के भारतीय जनता पार्टी छोड़ने से पार्टी को बड़ा झटका लगा है। स्वामी प्रसाद मौर्य के सपा में शामिल होने की जानकारी खुद अखिलेश यादव ने ट्वीट कर जानकारी दी है।

 

अखिलेश यादव ने लिखा, ‘सामाजिक न्याय और समता-समानता की लड़ाई लड़ने वाले लोकप्रिय नेता श्री स्वामी प्रसाद मौर्या जी एवं उनके साथ आने वाले अन्य सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सपा में ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।’ स्वामी प्रसाद मौर्य के अलावा कई और नेता एवं विधायक भारतीय जनता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। 2017 में उनके भारतीय जनता पार्टी में आने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य के कई समर्थक भी भगवा दल में शामिल हुए थे।


Back to top button