.

कभी सफल नहीं होगा ‘आप’ का षड्यंत्र, नोट पर गणेश-लक्ष्मी की फोटो लगाने की मांग पर बोले बाबूलाल मरांडी | ऑनलाइन बुलेटिन

रांची | [झारखंड बुलेटिन] | आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा हिंदुत्व कार्ड खेलते हुए नोट पर गणेश और लक्ष्मी की फोटो लगाने की मांग पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने निशाना साधा है। बाबूलाल मरांडी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर कहा है कि कल तक जिसके मंत्री हिंदू धर्म न मानने की शपथ ले रहे थे, जिनके प्रदेश अध्यक्ष मंदिरों को लेकर ओछी बयानबाजी कर रहे थे। आज उसी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल देश के नोटों में गणेश-लक्ष्मी की फोटो लगाने की सिफारिश कर रहे हैं।

 

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आम आदमी पार्टी का ये राजनैतिक षड्यंत्र कभी सफल नहीं होगा।

अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से की मांग

 

दरअसल, बुधवार को दिल्ली में आयोजित एक प्रेस वार्ता में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की थी कि नए नोटों में लक्ष्मी और गणेश की भी तस्वीर छापी जाए। उन्होंने तर्क दिया कि सर्वाधिक मुस्लिम आबादी वाला देश इंडोनेशिया जब अपने नोटों पर गणेश की तस्वीर लगा सकता है तो हम ऐसा क्यों नहीं कर सकते।

 

अरविंद केजरीवाल की इस मांग को आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अरविंद केजरीवाल गुजरात में अपनी हिंदुत्व वाली छवि उभारना चाहते हैं ताकि वोटों का ध्रुवीकरण हो सके।

 

 

बाबूलाल मरांडी ने अरविंद केजरीवाल को घेरा

 

बाबूलाल मरांडी ने भी इसे गुजरात चुनाव से जोड़ते हुए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि झूठ, मुफ्त के लुभावने वादे और भ्रामक प्रचार की बुनियाद पर टिकी उनकी (अरविंद केजरीवाल) की राजनीति को गुजरात की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

 

ये भी पढ़ें:

नौकर से नहीं कर सकते बहू की तुलना; बहू से घर का काम करवाना क्रूरता नहीं, हाई कोर्ट में महिला की अर्जी खारिज | ऑनलाइन बुलेटिन

 

 


Back to top button