.

बिहार के दरभंगा में महिला के चेहरे पर कालिख-चूना पोत घुमाया; वीडियो वायरल | ऑनलाइन बुलेटिन

दरभंगा | (बिहार बुलेटिन) | मानवता को शर्मसार करने वाली एक खबर बिहार से आई है। यह खबर दरभंगा जिले की बताई जा रही है, जहां एक महिला को सजा दिए जाने का अंदाज तालिबानी है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

25 से 30 साल उम्र की एक महिला को बाल काट कर सरेआम जुलूस के शक्ल में घुमाया जा रहा है। महिला का आधा चेहरा काले रंग से जबकि शेष आधा चेहरा सफेद रंग से रंगा गया है। एक युवक उसे हाथ पकड़ कर गांव की गलियों में घुमा रहा है और उसके पीछे चल रही भीड़ महिला पर तरह-तरह की फब्तियां कसते हुए सीटी बजा रही है।

 

 

एक महिला को अमानवीय रूप से अपमानित करने का यह वीडियो दरभंगा के कुशेश्वरस्थान के पागाही झंझरा पंचायत के छपकाही गांव का बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना कल की है। प्रताड़ित की जा रही महिला पर चरित्र हीनता का आरोप लगाया गया है। महिला फिलहाल लापता है। जानकारी मिली है कि उसे पूरे गांव में सरेआम बेइज्जत करने के बाद गांव की सीमा के बाहर छोड़ दिया गया था।

 

इस वीडियो में आप साफ़ देख सकते हैं कि कैसे एक महिला पर जुल्म ढाया जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल महिला का भी कोई अता पता नहीं चल रहा है। बता दें कि बिहार में यह पहला मौका नहीं है जब नारी की अस्मिता को इस प्रकार से सरेआम नीलाम किया गया हो।


Back to top button