.

पेट्रोल-डीजल के बढ़ रहे दाम, रूस-यूक्रेन युद्ध के विरोध में नक्सलियों ने भी लगाए बैनर, लिखा- लड़ाई बंद करो | ऑनलाइन बुलेटिन

बीजापुर / रायपुर | (छत्तीसगढ़ बुलेटिन) | रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। युद्ध के विरोध में अब बस्तर में ग्रामीण भी उतर आए हैं। ‘लाल आतंक’ के गढ़ बीजापुर में ग्रामीणों की इस लड़ाई में एंट्री हो गई है। नक्सल प्रभावित गंगालूर में सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हुए और रूस व अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पुतला जलाया। ग्रामीणों ने कहा कि दुनिया में अमन-चैन कायम करो। सप्ताहभर पहले नक्सलियों ने भी युद्ध बंद करने प्रेस नोट जारी किया था।

 

ग्रामीणों ने रूस से अपील की है कि वो यूक्रेन पर हमले तुरंत रोक दे। यूक्रेन से अपनी सेना बुला ले। यूक्रेन को नाटो में शामिल करने की कार्रवाई को भी बंद करने की बात ग्रामीणों ने कही है।

 

गंगालूर इलाके के जंगल में जिस जगह ग्रामीणों ने युद्ध को लेकर जहां विरोध जताया, वहां नक्सलियों का बैनर भी बंधा था। यह बैनर नक्सलियों के गंगालूर एरिया क्रांतिकारी जनताना सरकार जन संगठन की तरफ से बांधा गया था। बैनर में नक्सलियों ने भी रूस-यूक्रेन युद्ध के विरोध में बात लिखी है।

 

सेंट्रल कमेटी ने भी किया था युद्ध का विरोध

 

सप्ताहभर पहले रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को लेकर माओवादियों की सेंट्रल कमेटी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। सेंट्रल कमेटी ने प्रेस नोट जारी कर युद्ध का विरोध किया था। सेंट्रल कमेटी ने कहा था कि युद्ध का पूरे देश में बुरा असर पड़ रहा है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आ गया है।

 

दुनिया में कच्चे तेल का भाव 110 डॉलर प्रति बैरल हो गया है। भारत की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है। सेंट्रल कमेटी ने कहा था कि दुनिया को खुशहाल देखने वाले हर एक व्यक्ति को आगे आकर यूक्रेन पर रूस के हमले को बंद करने का नारा बुलंद करना चाहिए।

 

 

 

©नवागढ़ मारो से धर्मेंद्र गायकवाड़ की रपट 


Back to top button