.

पुरुष-प्रेम | ऑनलाइन बुलेटिन

©तथागत

परिचय– मुजफ्फरपुर, बिहार.


 

 

 

प्रश्न बड़ा ही विकट था,

क्योंकि उत्तर देना नहीं था,-

जीना था;

एक तरफ ईश्वर था,

दूसरे तरफ थी स्त्री,

और ठीक मध्य में खड़े पुरुष को,

इख़्तियार करना था,-

या ईश्वर,

या स्त्री।

 

ईश्वर के साथ था

अमरत्व, चिर-यौवन, शांति;

स्त्री के पास था

मृत्यु,क्लेश,बेचैनी!

 

अंगीकार करना कठिन था,

किसी एक को,

पुरुष के लिए,-

क्योंकि ईश्वर उसका आराध्य था,

और स्त्री, प्रेम;-

लेकिन करना तो था ही,

प्रश्न ही ऐसा था!

 

तो पुरुष ने कुछ ऐसा किया,

कि अपने स्नेह-सिक्त आंखों में,

उस क्षणभंगुर क्षण में,

ईश्वर को जितना भर सकता था,

भरा,

और उसका अंतिम अभिवादन कर,

स्त्री के साथ हो लिया।

 


Check Also
Close
Back to top button